डेटा सुरक्षा और गोपनीयता को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच प्रमुख अमेरिकी एयरलाइन कंपनी 'यूनाइटेड एयरलाइंस' (United Airlines) ने अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) बॉट्स और एजेंट्स की पहुंच को प्रतिबंधित करने का फैसला किया है। यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जब एआई एजेंट्स तेजी से यात्रियों के लिए ट्रिप प्लान करने और टिकट बुक करने जैसे काम खुद करने में सक्षम हो रहे हैं, जिसके चलते विभिन्न उद्योग इस तकनीक को लेकर अलग-अलग रुख अपना रहे हैं।
विभिन्न कंपनियों की अलग-अलग रणनीतियां
आज के समय में तकनीक और ई-कॉमर्स कंपनियां एआई एजेंट्स के बढ़ते चलन पर बंटी हुई नजर आ रही हैं। जहां कुछ कंपनियां अपने प्लेटफॉर्म और डेटा की सुरक्षा के लिए एआई की पहुंच को सीमित कर रही हैं, वहीं कुछ अन्य कंपनियां इसके साथ साझेदारी कर रही हैं। उदाहरण के लिए, अमेज़ॅन ने मेटा के एआई एजेंट 'म्यूज' को ब्लॉक कर दिया है, जबकि वॉलमार्ट ने इसके साथ साझेदारी की है। इसके अलावा, एक्सपीडिया (Expedia) और बुकिंग डॉट कॉम जैसी ऑनलाइन ट्रैवल कंपनियां चैटजीपीटी की मूल कंपनी ओपनएआई के साथ मिलकर काम कर रही हैं।
सुरक्षा जोखिम और अनधिकृत बुकिंग की आशंका
यूनाइटेड एयरलाइंस ने चेतावनी दी है कि थर्ड-पार्टी एआई असिस्टेंट्स के साथ अपने अकाउंट के क्रेडेंशियल्स साझा करने से संवेदनशील जानकारियां लीक हो सकती हैं। इससे अनपेक्षित खरीदारी, अकाउंट में बदलाव या फ्रिक्वेंट-फ्ल्यायर माइल्स (Frequent-flyer miles) के अनधिकृत उपयोग का खतरा बढ़ जाता है। एयरलाइन का यह भी कहना है कि फ्लाइट चेक-इन जैसे काम, जिनके लिए विस्फोटक जैसी प्रतिबंधित वस्तुओं को लेकर मानवीय स्वीकृति जरूरी होती है, उन्हें एआई टूल्स द्वारा स्वचालित रूप से पूरा करने से विनियामक (Regulatory) और सुरक्षा जोखिम पैदा हो सकते हैं।
नीति में बदलाव और सख्त कदम
इन जोखिमों से निपटने के लिए एयरलाइन ने अपनी बुकिंग, टिकटिंग और डिस्ट्रीब्यूशन नीतियों में बदलाव करने की घोषणा की है। यूनाइटेड एयरलाइंस ने स्पष्ट किया है कि वह सीधे अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से तथा अप्रत्यक्ष रूप से ट्रैवल एजेंसियों और एग्रीगेटर्स के जरिए एआई एजेंट्स की पहुंच को प्रतिबंधित करने के लिए आवश्यक कदम उठाएगी।