जालंधर/जयपुर: 43वें इंडियन ऑयल सर्वो सुरजीत हॉकी टूर्नामेंट के बुधवार को खेले गए लीग मुकाबलों में पंजाब पुलिस और रेल कोच फैक्टरी (आरसीएफ) कपूरथला ने शानदार जीत दर्ज करते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। दिन के प्रमुख मुकाबले में पंजाब पुलिस ने भारतीय नौसेना मुंबई को 4-1 के अंतर से पराजित किया। मैच के पहले हाफ में दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष रहा, लेकिन दूसरे हाफ में पंजाब पुलिस ने आक्रामक रुख अपनाते हुए शमशेर सिंह (34वें मिनट) और दिलप्रीत सिंह (36वें मिनट) के मैदानी गोलों से बढ़त बनाई। इसके बाद कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने 38वें और 50वें मिनट में दो पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 4-0 कर दिया, जबकि नौसेना के लिए जुगराज सिंह ने अंतिम मिनट में सांत्वना गोल दागा।
पूल-ए के एक अन्य मैच में आरसीएफ कपूरथला ने बीएसएफ जालंधर को भी 4-1 से हराया, जिसमें योगेंद्र रावत ने शानदार हैट्रिक लगाई। योगेंद्र ने 10वें और 29वें मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक तथा 58वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर से गोल किए, जबकि अरविंदर सिंह (24वें मिनट) ने एक गोल जोड़ा। बीएसएफ की ओर से एकमात्र गोल दीपक कुमार ने 45वें मिनट में किया। वहीं पूल-बी में भारत पेट्रोलियम और आर्मी दिल्ली के बीच मुकाबला गोलरहित (0-0) बराबरी पर समाप्त हुआ। इन परिणामों के साथ अंतिम आठ की सभी टीमें तय हो गई हैं। गुरुवार, 26 नवंबर को खेले जाने वाले क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में इंडियन ऑयल मुंबई का सामना पंजाब नेशनल बैंक दिल्ली (दोपहर 12 बजे), भारतीय वायुसेना का कैग दिल्ली (दोपहर 2 बजे), भारत पेट्रोलियम का आरसीएफ कपूरथला (दोपहर 3:30 बजे) और पंजाब पुलिस का मुकाबला पंजाब एंड सिंध बैंक दिल्ली (शाम 5:30 बजे) से होगा।